रायपुर / मुख्यमंत्री निवास में आयोजित भव्य तीजा-पोरा तिहार कार्यक्रम में मंत्री दयाल दास बघेल ने शामिल होकर मातृशक्ति के सम्मान और छत्तीसगढ़ की लोक-संस्कृति के संरक्षण का संदेश दिया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित क्षेत्र के अन्य विधायक एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मंत्री दयाल दास बघेल की मौजूदगी में तीजा-पोरा तिहार का उत्साह दोगुना नजर आया। कार्यक्रम में भारी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता की और छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति एवं रीति-रिवाजों के रंग में रंगा माहौल देखने को मिला।
मंत्री बघेल ने प्रदेश की सभी माताओं एवं बहनों को तीजा-पोरा तिहार की हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति और मातृशक्ति के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हमारी लोक परंपराएं हमारी पहचान हैं और इन्हें संरक्षित कर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं को सहेजने के साथ महिलाओं के सम्मान एवं सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री निवास में आयोजित समारोह में तीजा-पोरा की पारंपरिक झलक, महिलाओं का उत्साह और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति ने आयोजन को खास बना दिया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़िया संस्कृति और परंपरा का जीवंत स्वरूप देखने को मिला.
